जूट और भारतीय सामाजिक पारिस्थितिकी तंत्र में इसकी स्थिति का परिचय
सुनहरे रंग वाले तंतु जूट का स्थान, उपयोग, वैश्विक खपत, उत्पादन और उपलब्धता के संदर्भ में कपास के बाद दूसरा सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक सेलुलोसिक तंतु के रूप में है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा कच्चा जूट उत्पादक देश है। जूट उद्योग भारतीय अर्थव्यवस्था में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। सुनहरा रेशा जूट मानव और प्रकृति दोनों के लिए लाभकारी है। जूट एक नगदी फसल होने के कारण सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के साथ-साथ बड़े जूट मिलों को भी लाभ पहुंचाता है जो खाद्यान्न पैकेजिंग के अलावा पर्यावरण के अनुकूल जूट उत्पादों के निर्माण में संलग्न हैं। प्रयास हमेशा उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार और अधिक मूल्य प्राप्त करने का रहा है। जूट रोजगार भी उत्पन्न करता है और जूट किसानों, बीज डीलरों, कच्चे जूट व्यापारियों और बिचौलियों तथा निश्चित रूप से जूट भंडारकों को लाभ पहुंचाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करता है। जूट एक बहुमुखी प्राकृतिक तंतु है जिसके भौतिक और रासायनिक गुण जैसे उच्च तन्यता शक्ति, कम लचीलापन, आसानी से गलने की क्षमता या जैव-अवक्रमणशीलता, बेहतर सांस लेने की क्षमता आदि इसे विशिष्ट बनाते हैं। पर्यावरणीय दृष्टि से भी जूट अत्यंत लाभदायक है क्योंकि यह प्रति वर्ष प्रति हेक्टेयर जूट की खेती के क्षेत्र से लगभग 11 मीट्रिक टन ऑक्सीजन उत्पन्न करता है। यह सुनहरा रेशा हमारे लिए एक हरित, स्वच्छ और सतत ग्रह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है जिससे पर्यावरण प्रदूषण में कमी आती है।
पर्यावरण के अनुकूल जूट बैग का उद्भव
बैग हमारे दैनिक जीवन में हर समय एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चाहे वह स्कूल बैग हो, शॉपिंग बैग हो या ऑफिस बैग, यह हमारे जीवन का एक अनिवार्य हिस्सा बन चुका है। आधुनिक जीवन की तेज गति के साथ, बैग हमारे जीवन में एक प्रमुख स्थान बनाए रखते हैं और अब उपयोगिता के साथ-साथ एक फैशन स्टेटमेंट के रूप में भी महत्वपूर्ण बन गए हैं। पॉलीप्रोपाइलीन और पेपर बैग की तुलना में जूट बैग ने एक अधिक पर्यावरण-अनुकूल विकल्प के रूप में अपनी पहचान बनाई है। पॉलीप्रोपाइलीन बैग, जिसे आमतौर पर प्लास्टिक बैग कहा जाता है, पेट्रोलियम से निर्मित होता है और यह जैव-अवक्रमणशील नहीं है। वहीं, पेपर बैग के निर्माण के लिए पेड़ों को काटकर बड़ी मात्रा में लकड़ी की आवश्यकता होती है। जबकि सुनहरे रेशे जूट से बने बैग में ये समस्याएं नहीं होतीं और इसलिए इन्हें विभिन्न उपयोगों के लिए व्यापक रूप से अपनाया जा रहा है।
जूट बैग का बहुउपयोग
आजकल पर्यावरण-अनुकूल जूट बैग सभी बैगों में सबसे अलग दिखते हैं। जूट को प्रमुख सामग्री के रूप में अन्य प्राकृतिक सामग्रियों जैसे चमड़े और कपास के साथ मिलाकर एक विशेष तरीके से उपयोग किया गया है। इन सतत सामग्रियों का यह संयोजन आधुनिक वर्ग के प्रकृति-अनुकूल, जैव-अवक्रमणशील जूट बैग की सौंदर्य अपील और उपयोगिता दोनों को बढ़ाता है।
वीगन-फ्रेंडली जूट बैग किफायती, सुविधाजनक और सौंदर्य व शैली से भरपूर होते हैं, जो सभी वर्गों के लोगों की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। पुन: प्रयोज्य, पर्यावरण-अनुकूल और जैविक सतत सामग्री जूट, परिष्कार का प्रतीक है और हमें एक बेहतर दिशा में ले जाती है। जूट के अच्छे ब्लीचिंग, रंगाई, प्रिंटिंग गुणों और मध्यम ड्रेपिंग क्षमता के कारण इसका उपयोग कई प्रकार के बैग बनाने में किया जा सकता है, जैसे – हैंड बैग, होबो बैग, टोटे बैग, डफल बैग, मैसेंजर बैग, बैकपैक, सैचेल, डॉक्टर बैग, लैपटॉप बैग, बकेट बैग, बॉलर बैग, रिस्टलेट, पाउच, क्लच, बीच बैग, शोल्डर बैग, मिनी ऑडिएर, शॉपिंग/ग्रॉसरी बैग, ड्रॉस्ट्रिंग बैग, मेकअप बैग, फोल्ड ओवर बैग, फोन बैग, कैमरा केस बैग, बैगुएट बैग, बैरल बैग, बास्केट बैग, फेनी पैक, केली बैग, लंच बैग, स्पोर्ट्स किट बैग, योग या जिम बैग आदि।
जेपीआई और उसके जे.डी.पी. (जूट डायवर्सिफाइड प्रोडक्ट्स) के लिए प्रयास
भारत सुनहरे रेशे जूट से समृद्ध देश है, जो हमेशा गौरवशाली रहा है, लेकिन औपनिवेशिक काल में धीरे-धीरे इसने भारत की समृद्ध संस्कृति को कमजोर कर दिया। अब भारत सरकार ने जे.डी.पी. के निर्माण, उन्नयन और संवर्धन के लिए आधुनिक करघे, मशीनरी और उद्योग स्थापित किए हैं। जेसीआई, जो भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के तहत एक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम (सीपीएसई) है, की स्थापना 1971 में भारतीय जूट उद्योग को सर्वोत्तम गुणवत्ता का कच्चा जूट फाइबर उपलब्ध कराने और किसानों को उनकी फसल के लिए उचित मूल्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई थी। अपनी स्थापना के बाद से ही जेसीआई भारतीय जूट उद्योग में अपनी भूमिका को सफलतापूर्वक निभा रहा है।
यह सर्वविदित है कि किसी भी अंतिम उत्पाद की गुणवत्ता मुख्य रूप से प्रयुक्त कच्चे माल की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। जेसीआई को वर्षों से उच्च गुणवत्ता वाला कच्चा जूट प्रदान करने का अपार अनुभव है, जिससे इसमें भारतीय और वैश्विक ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाले जे.डी.पी. जैसे शॉपिंग बैग, ऑफिस स्टेशनरी, होम फर्निशिंग, टेबल रनर, मैट, कालीन, असबाब, झूले आदि उपलब्ध कराने की अपार क्षमता है।
जिस प्रकार जेसीआई किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य सुनिश्चित करने में सफल रहा है, उसी प्रकार जेसीआई पर्यावरण-अनुकूल जूट बैग के व्यापार के माध्यम से स्थानीय कारीगर उत्पादों के महत्व को बढ़ावा देना और भारतीय संस्कृति एवं विरासत की धरोहर की रक्षा करना चाहता है। एक सरकारी संगठन होने के नाते, जेसीआई भारतीय और वैश्विक दोनों बाजारों में जूट उत्पादों के विकास और संवर्धन को बढ़ावा देने में गर्व महसूस करता है। जेसीआई कारीगरों के अनूठे जूट हस्तशिल्प को प्रदर्शित करना चाहता है ताकि उन्हें समाज में उचित मूल्य और पहचान मिल सके। भारतीय बाजार की दृष्टि से, एक तैयार उत्पाद ग्राहक तक पहुंचने से पहले कम से कम 3 से 4 अलग-अलग हाथों से गुजरता है, जिससे उत्पाद की कीमत बढ़ जाती है और कारीगरों को कम लाभ मिलता है। इसलिए, जेसीआई बिचौलियों को कम करना चाहता है और कारीगरों तथा ग्राहकों के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करना चाहता है, ताकि कारीगर आधुनिक डिजाइनों का विकास कर सकें और उन्हें संभावित ग्राहकों के सामने प्रस्तुत कर सकें। जेसीआई द्वारा जूट विविधीकृत उत्पादों को बढ़ावा देना न केवल एक हरित और स्वच्छ ग्रह के निर्माण में सहायक होगा, बल्कि कई कारीगरों, महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के आजीविका के लिए भी एक विस्तारित समर्थन सिद्ध होगा।
जूट अपनाएं, प्लास्टिक को ना कहें और अपने कार्बन फुटप्रिंट को कम करें।
